नई दिल्ली/अल्मोड़ा। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और न्याय के देवता के रूप में पूजनीय गोलू देवता के जीवन, इतिहास एवं लोकआस्था पर आधारित शोधपरक पुस्तक ‘छाया माया आपकी’ पाठकों के बीच उपलब्ध है। अल्मोड़ा निवासी वरिष्ठ शिक्षाविद एवं सेवानिवृत्त शिक्षक महेन्द्र सी. कपिल द्वारा लिखित यह पुस्तक गोलू देवता के व्यक्तित्व, उनके साम्राज्य, न्यायप्रियता और उनसे जुड़ी लोक परंपराओं को प्रमाणिक तथ्यों एवं जनश्रुतियों के आधार पर प्रस्तुत करती है।
‘छाया माया आपकी’ में कुल 26 शोधपरक एवं प्रमाणिक कहानियाँ संकलित हैं, जो गोलू देवता के जीवन, उनके न्याय सिद्धांत, बाबा गोरखनाथ से उनके संबंध, लोकविश्वासों तथा हिमालयी समाज में उनकी महत्ता पर विस्तृत प्रकाश डालती हैं। पुस्तक का शीर्षक ‘छाया माया आपकी’ उस गहरी आस्था का प्रतीक है, जिसके अनुसार उत्तराखंड के लोग गोलू देवता को अपना रक्षक, न्यायाधीश और जीवन का संबल मानते हैं।
इस पुस्तक के लेखन के लिए लेखक महेन्द्र सी. कपिल ने वर्षों तक गहन अध्ययन और शोध किया। उन्होंने उत्तराखंड के साथ-साथ पश्चिमी नेपाल तक फैले गोलू देवता के ऐतिहासिक प्रभाव क्षेत्र का भ्रमण किया तथा लोकगाथाओं, जागर परंपराओं, जनश्रुतियों और ऐतिहासिक स्मृतियों का संकलन किया। पुस्तक की कई कहानियों के लिए वे पश्चिमी नेपाल स्थित उक्कू महल और हुनेनाथ गुफा तक पहुँचे, जहाँ से उन्होंने दुर्लभ ऐतिहासिक एवं लोकसांस्कृतिक सामग्री एकत्रित की।
पुस्तक में शामिल सभी 26 कहानियाँ प्रामाणिक स्रोतों, जागर गाथाओं और लोक परंपराओं पर आधारित हैं। यह पुस्तक केवल धार्मिक आस्था का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, लोक इतिहास और सामाजिक चेतना का महत्वपूर्ण संकलन भी है।
‘छाया माया आपकी’ को उत्तराखंड की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने सराहा है। असकोट रियासत के राजा भानुराज पाल, सुप्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी तथा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जगत सिंह बिष्ट सहित अनेक विद्वानों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने पुस्तक के शोध, विषय-वस्तु और सांस्कृतिक महत्व की प्रशंसा की है।
गोलू देवता को उत्तराखंड में न्याय, संरक्षण और सत्य के देवता के रूप में पूजा जाता है। जनमान्यता है कि वे सत्य का साथ देने वालों की रक्षा करते हैं, अन्याय का प्रतिकार करते हैं तथा अपने भक्तों को संकटों से उबारते हैं। यही कारण है कि आज भी देश-विदेश में बसे लाखों श्रद्धालु गोलू देवता के प्रति अटूट श्रद्धा रखते हैं।
लेखक का मानना है कि यह पुस्तक नई पीढ़ी को उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और गोलू देवता से जुड़े ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पक्षों से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
‘छाया माया आपकी’ पुस्तक Amazon और Flipkart पर उपलब्ध है।
महेंद्र सी. कपिल (लेखक)

