देहरादून। उत्तराखंड के विकास, सुशासन, आपदा प्रबंधन, बुनियादी ढांचे, आवास, ऊर्जा और 2027 की राजनीतिक दिशा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए ‘अड्डा उत्तराखंड कॉन्क्लेव 2026’ का आयोजन 24 सितंबर को देहरादून स्थित हयात सेंट्रिक में किया जाएगा। यह आयोजन सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘द न्यूज अड्डा’ के साप्ताहिक समाचार पत्र ‘अड्डा इनसाइडर’ की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। अड्डा उत्तराखंड कॉन्क्लेव के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे। मुख्यमंत्री “धामी सरकार: विकास, चुनौतियां और 2027 की राह” विषय पर चर्चा में शामिल होंगे। कार्यक्रम में राजनीति, प्रशासन, विज्ञान और नीति निर्माण से जुड़े कई प्रमुख चेहरे एक मंच पर दिखाई देंगे।
अड्डा उत्तराखंड कॉन्क्लेव के राजनीतिक सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ उत्तराखंड की राजनीति और बदलते परिदृश्य पर अपने अनुभव साझा करेंगे। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सूर्यकांत धस्माना भी राजनीतिक सत्र में विचार साझा करेंगे।
जबकि प्रशासनिक सत्र में उत्तराखंड के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अपने विचार साझा करेंगे। इनमें प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार, एमडीडीए के उपाध्यक्ष एवं महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी शामिल हैं। उत्तराखंड के इंफ्रास्ट्रक्चर रोडमैप, ऊर्जा और निवेश, शहरी विकास, आवासीय चुनौतियों तथा राज्य के विकास मॉडल पर विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कॉन्क्लेव में आपदा प्रबंधन में विज्ञान, तकनीक और एसडीआरएफ की भूमिका पर भी चर्चा से होगी। इसमें एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी एवं यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत चर्चा में शामिल होंगे। राजनीतिक सत्रों में “उत्तराखंड की सियासत: सवाल, संघर्ष और 2027”, “सरकार का काम, सियासत की बात” तथा “2027 का चुनाव: मुद्दे, राजनीति और जनादेश” जैसे विषय चर्चा के केंद्र में रहेंगे।
अड्डा इनसाइडर के प्रमुख संपादक पवन लालचंद के अनुसार, यह कॉन्क्लेव उत्तराखंड के विकास, नीतिगत चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर सार्थक संवाद का मंच बनेगा, जहां शासन, राजनीति, प्रशासन और समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि एक साथ विचार-विमर्श करेंगे। कार्यक्रम को सुबह साढ़ नौ बजे से ‘द न्यूज अड्डा’ के यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज पर लाइव प्रसारित किया जाएगा।

